जौनपुर। लाइनबाजार थाना क्षेत्र के पचहटिया के पास निर्माणाधीन सीवर ट्रीटमेंट प्लांट में कार्य कर रहे श्रमिक मनोज यादव 24 निवासी पचहटिया की करंट से मौत के मामले में पुलिस ने कंपनी और उसके सुपरवाइजर खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उनपर लापरवाही का आरोप है। पुलिस ने यह कार्रवाई मृतक के पिता जयराज यादव उर्फ करिया निवासी चौकिया की तहरीर पर की है। आरोप है कि सीवर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण कार्य करवाने वाली कम्पनी पुलकीत प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड तथा उसके कर्मचारियों की लापरवाही से श्रमिक मनोज यादव की मौत हुई है। पुलिस केस दर्ज कर छानबीन में जुटी है। रविवार की शाम घटना के समय ही कम्पनी के मजदूरो के आक्रोश जताया था। कम्पनी के सुपरवाइजर हरेंद्र पाल क़ो पुलिस ने उसी दिन हिरासत में ले लिया था। सुपरवाइजर हरेंद्र पाल ने पुलिस को सफाई दी है कि घटना के दिन वह एक तेरहवीं में शामिल होने गया था। देखरेख के लिए उन्होंने कंपनी के ही दो अन्य लोगों को जिम्मेदारी दी थी। चौकियां के चौकी प्रभारी कौशलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तार फैलाने की लापरवाही कम्पनी की है। खुला तार नहीं फैलाना चाहिए था। देख रेख के लिये कोई विशेषज्ञ भी मौके पर नहीं लगाया गया था।