जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के कलीचाबाद में शनिवार की सुबह टीडी कॉलेज के छात्रनेता की गोमती नदी में लाश मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। शरीर के कुछ हिस्सों पर नाखून के निशान मिले हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के दशरंथा गांव निवासी पवन कुमार यादव (25) टीडी कॉलेज का छात्र था। वह बचपन से ही बक्शा थाना क्षेत्र के अभयचंद्र पट्टी स्थित ननिहाल में रहता था। शुक्रवार दोपहर में किसी काम से घर से निकला था। इसके बाद से ही वह लापता था। शनिवार की सुबह लोग नदी के किनारे गए तो वहां नदी में युवक की लाश उतराई दिखी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया तो उसकी शिनाख्त पवन कुमार के रूप में हुई। शरीर पर कहीं-कहीं खरोच के निशान थे। परिजनों ने हत्या कर शव फेंकने की आशंका जताई है। सूचना पाकर एसपी राजकरन नय्यर, एएसपी डॉ. संजय कुमार, लाइन बाजार एसओ जेपी सिंह भी मौके पर पहुंचे। एएसपी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद समुचित कार्रवाई की जाएगी।