जौनपुर जिले के सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के कुंधुआ गांव के प्राथमिक विद्यालय में क्वारंटीन सेंटर के शौचालय में नवविवाहिता का संदिग्ध हाल में शव मिला है। उसे इसी सेंटर में पति समेत क्वारंटीन में रखा गया था। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। देर शाम तक किसी ने कोई तहरीर नहीं दी थी।
कुंधुआ गांव निवासी वंदना (30) और छोटेलाल निषाद ने करीब साढ़े चार माह पहले प्रेम विवाह किया था। इसके बाद से दोनों फरीदाबाद में रह रहे थे। छोटेलाल वहीं किसी कंपनी में नौकरी करता है। लॉक डाउन के बाद 16 अप्रैल को दोनों गांव लौटे तो प्राथमिक विद्यालय में तीन अन्य लोगों के साथ उन्हें भी 14 दिन के लिए क्वारंटीन में रख दिया गया।
शनिवार की शाम करीब 6 बजे क्वारंटीन सेंटर में रह रही एक युवती शौचालय की ओर गई तो वहां अंदर वंदना को फर्श पर औंधे मुंह गिरा देख सन्न रह गई। सूचना पर गांव के लोग मौके पर पहुंचे। वंदना को शौचालय से जब बाहर निकाला गया तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पति छोटेलाल ने बताया कि वह दोपहर बाद वह गांव में चला गया था।
विद्यालय पहुंचा तो उसे मौत की सूचना मिली। पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है। थानाध्यक्ष विनित मोहन पाठक ने बताया कि क्वारंटीन सेंटर में रह रहे अन्य लोगों से पूछताछ की गई है। पति-पत्नी के बीच किसी बात पर दोपहर में विवाद होने की बात सामने आई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। एसडीएम अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन कराई जा रही है।