मड़ियाहूं। कोतवाली क्षेत्र के औरैला गांव में स्थित ईट भट्ठे पर काम कर रहे झारखंड निवासी मजदूर का शव बुधवार को फंदे पर लटकता पाया गया। उसका आधा शरीर जमीन पर था। इससे हत्या कर शव लटकाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। झारखंड के गुमला निवासी पूरन लोहार (35) यहां औरैला गांव में राजेंद्र प्रसाद यादव के ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। वह परिवार के साथ भट्ठे के पास ही रहता था। मंगलवार को पूरन नशे की हालत में घर आया और पत्नी से विवाद किया। झगड़े के बाद वह सोने चला गया। बुधवार की सुबह जब पत्नी की नींद खुली तो घर के बाहर लगे बांस से दुपट्टे के सहारे पूरन का शव लटक रहा था। उसका आधा शरीर जमीन पर था। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी मुन्ना राम ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट होगा। संदेह के आधार पर एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।