जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के वाजिदपुर तिराहे के पास बृहस्पतिवार की शाम एक नर्सिंग होम के सामने युवक का शव गड्ढे में मिला। पुलिस सड़क दुर्घटना में मौत होने की आशंका जता रही है। सूचना पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शहर कोतवाली के नखास मोहल्ला निवासी अमन साहू उर्फ शनि (30) पुत्र लालचंद्र साहू का शव बृहस्पतिवार की शाम करीब 5.30 बजे वाजिदपुर तिराहे के समीप एक नर्सिंग होम के सामने गड्ढे में मिला। उधर से गुजर रहे लोग शव देख रुक गए। इसके बाद घटना की सूचना लाइन बाजार पुलिस को दी गई। मौके पर प्रभारी निरीक्षक सतीश सिंह पहुंचे। छानबीन चल ही रही थी, उसी बीच पास में गिरे मोबाइल फोन पर किसी का फोन आया तो पुलिस ने उठाकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी सामने वाले को दी। इसके बाद उसकी पहचान अमन साहू के रूप में हुई। पुलिस की नजर उसी गड्ढे में गिरी एक स्कूटी पर पड़ी। घटनास्थल के पास स्कूटी पर किसी वाहन की टक्कर से शीशे टूटे पड़े मिले। इससे पुलिस दुर्घटना की आशंका जता रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद ही पूरे घटनाक्रम के खुलासे की बात भी कह रही है। प्रभारी निरीक्षक सतीश सिंह ने बताया कि युवक की पहचान हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अधिक जानकारी के लिए मां को बुलाया गया है। आस-पास के सीसीटीवी की जांच की जाएगी। तब घटना का खुलासा हो सकेगा।