मुंगराबादशाहपुर। थाना क्षेत्र के जंघई रोड स्थित गरियांव (सेमरी) रेलवे फाटक के पास सड़क के किनारे मंगलवार की सुबह शव मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंचे पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने थाने में तहरीर देकर हत्या का आरोप लगाया है।
नडार जमुनीपुर निवासी चंद्रशेखर सिंह (42) पुत्र राधे श्याम सिंह सोमवार की शाम पांच बजे अपने एक दोस्त के साथ घर से बाजार गए थे। देर रात तक जब वह वापस नहीं आए तो परिजनों को चिंता होने लगी। वह रिश्तेदारों और दोस्तों के घर फोन कर उनका पता किया लेकिन कोई पता नहीं चला। मंगलवार की सुबह शौच करने ग्रामीण गए तो चंद्रशेखर का शव सड़क किनारे देखकर दंग रह गए। मृतक के सिर में काफी चोट लगी हुई थी। ग्रामीणों ने तत्काल उसके घरवालों और पुलिस को जानकारी दी। मृतक के पुत्र आशीष सिंह ने थाने में तहरीर देकर हत्या का आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष सदानंद राय का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का लग रहा है। परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं तो मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।