नेवढिया। स्थानीय थाना क्षेत्र के महंगूपुर गांव में बृहस्पतिवार की रात एक वृद्ध का शव पंपिंगसेट के कमरे में फांसी के फंदे पर मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों का आरोप है कि उनकी हत्या कर किसी ने आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी के फंदे से लटका दिया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने तीन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
महंगूपुर गांव निवासी हरिशचंद्र उर्फ खरभान पटेल (70) बृहस्पतिवार शाम को भोजन करने के बाद रोजाना की तरह अपने पंपिंग सेट के कमरे में सोने चले गए थे। शुक्रवार की भोर में शौच के लिए गए आसपास के लोगों ने देखा कि कमरे का दरवाजा खुला था और वह फांसी के फंदे पर लटक रहे थे।सूचना मिलते ही मृतक के परिजन व गांव के काफी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। परिजनों की सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष नेवढिया संजय कुमार सिंह ने शव को कब्जे में ले लिया। मृतक के पुत्र संजय पटेल ने नेवढ़िया थाने पर तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनके पिता हरिश्चंद्र उर्फ खरभान ने पड़ोस के ही फुन्नन पटेल को 20 हजार रुपये का कर्ज दिया था। पैसा वापस मांगने पर वह विवाद हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया है कि कर्ज न लौटाने के लिए उन्होंने पिता पर छेड़खानी का आरोप भी लगाया था। हालांकि इलाके में इस बात की भी चर्चा है कि छेड़खानी के आरोप से क्षुब्ध होकर उन्होंने फांसी लगा ली होगी। फिलहाल पुलिस तीन के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन कर रही है।