सुईथाकला। सरपतहा थाना क्षेत्र के भेला बाजार के पास मंगलवार की शाम करीब सात बजे ईंट लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से बेटी की मौत हो गई जबकि मां घायल हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है।
सरपतहा थाना क्षेत्र के उसरौली निवासी जयनारायण तिवारी की पत्नी अनीता (45) अपनी पुत्री मनीषा तिवारी (14) के साथ अपनी बहन के घर भगासा गांव में गई थी। वहां से दोनों मां बेटी शाम को पैदल घर लौट रही था। शाम को करीब सात बजे वे भेला बाजार के पास पहुंची थी तभी तेज रफ्तार में आ रहे ईंट लदे ट्रैक्टर की चपेट में आ गई। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी सुइथाकला पहुंचाया गया। जहां डाक्टर ने मनीषा को मृत घोषित कर दिया जबकि अनीता को अस्पताल में भर्ती किया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में गांव से लोग मौके पर पहुंच गए।
सड़क हादसों में पांच घायल
शाहगंज। अलग अलग हुए सड़क हादसों में पांच लोग घायल हो गए। शाहगंज कस्बे के नई आबादी मोहल्ला निवासी विनोद कुमार (30) व दिलीप कुमार (22) बाइक पर सवार होकर सोमवार की देर रात फैजाबाद की तरफ से घर आ रहे थे। चिरैया मोड़ के समीप किसी वाहन की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सुल्तानपुर जनपद के अखण्डनगर थाना क्षेत्र के फैजुल्लाहपुर गांव निवासी विकास (35) बाइक पर अपने पिता बाबूलाल (56) व ताऊ बाबूराम (65) को लेकर शाहगंज से अपने घर जा रहे थे। ताखा गांव स्थित पेट्रोल पंप के समीप पहुंचे थे जहां सामने से आ रही तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए पुरुष चिकित्सालय लाया गया। जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखकर सभी को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।