महराजगंज। थाना क्षेत्र के एक गांव में पंचायत के फैसले के बाद पीड़िता के हाथों डंडे से आरोपी की पिटाई और थूककर चटवाने के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। एसपी के आदेश पर देर रात मामले में केस दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुटी है।थाने में रखी गई बेटी को छुड़ाने का झांसा देकर महिला से एक युवक ने रुपये और गहने ले लिए। उसके साथ दुष्कर्म का भी आरोप है। मामले की सुनवाई पुलिस में नहीं हुई तो गांव में पंचायत के जरिए सुलझाते हुए आरोपी को पीटने का फरमान सुनाया गया। पीड़िता के हाथों लाठी से युवक की पिटाई और थूककर चटवाने के घटनाक्रम का वीडियो दो दिन पूर्व सोशल मीडिया में वायरल हुआ था। उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आने पर एसपी खुद मामले की जांच के लिए शुक्रवार की देर शाम महराजगंज थाने पहुंच गए थे। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने युवक की पत्नी की तहरीर पर महिला के विरुद्ध मारपीट और दलित उत्पीड़न का केस दर्ज किया है।---