मल्हनी। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के लुंबिनी-दुद्धी मार्ग स्थित राजेपुर मोड़ के समीप शुक्रवार की शाम मोटरसाइकिल की टक्कर से एक मजदूर की मौत हो गई। पुलिस बेटे की तहरीर पर घटना की जांच कर रही है।
राजपुर गांव निवासी मुंशी लाल (65) पेशे से मजदूर था। रोज की तरह शाम को काम खत्म करके साइकिल से वह कोइरीडिहा बाजार जा रहा था। राजेमोड़ के पास पहुंचा वो पहुंचा था इसी दौरान तेज गति से आ रही एक अनियंत्रित मोटरसाइकिल से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क के बीचोबीच गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में परिजनों ने मौके पर पहुंचकर उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर मौत की खबर लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी विनय प्रकाश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बेटे की तहरीर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
सड़क हादसे में महिला समेत चार लोग घायल
खुटहन। लवायन गांव से शुक्रवार को सतना मध्य प्रदेश बरात गई थी। वापसी के दौरान प्रयागराज के जसरा क्षेत्र में बरात की कार व पिकअप में टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार दो सगे भाई और उनकी पत्नियां घायल हो गईं। उन्हें बीएचयू के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
गांव निवासी इंद्रेश अग्रहरि की शादी मध्य प्रदेश के सतना में तय थी। शुक्रवार को बरात गई थी। इसमें लाइन बाजार महिला थाना के बगल निवासी इंद्रेश की बुआ के बेटे रोहित और उनकी पत्नी सृष्टि तथा दीपक पत्नी ट्विंकल के साथ निजी कार से गए थे। बरात वापसी के दौरान प्रयागराज के जसरा क्षेत्र में कार की पिकअप से टक्कर हो गई। हादसे में चारों घायल हो गए। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया है। वहां हालत गंंभीर देख उन्हें वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। दूल्हे के मामा शंकर अग्रहरि ने बताया कि बरात से वापसी के दौरान हादसा हुआ है। सभी को इलाज बीएचयू में चल रहा है।
दुर्घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत
डोभी। आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर खुज्झी बाजार में ट्रेलर से टकरा कर घायल बाइक सवार बरामनपुर गांव निवासी धर्मेंद्र सिंह (45) की शनिवार को इलाज के दौरान ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई। क्षेत्र के उक्त गांव निवासी प्रशांत सिंह (42) भी उनके साथ वाराणसी के एक अस्पताल में भर्ती मरीज को देखने जा रहे थे। वह खुज्झी बाजार पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे ऑटो रिक्शा से टकराने के बाद असंतुलित हो उसी दिशा में जा रहे ट्रेलर के पिछले हिस्से से टकरा गए। इससे दोनों को गंभीर चोटें आई थीं। दोनों को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था।
नहर में डूबकर बाइक सवार युवक की मौत
बदलापुर। कोतवाली क्षेत्र के खालिसपुर गांव स्थित रामगंज रजवाहा नहर में डूबकर एक बाइक सवार युवक की शनिवार की सुबह मौत हो गई।नरेंद्रपुर गांव निवासी संजय तिवारी (46) शुक्रवार की रात साढ़े नौ बजे बाइक से कहीं जाने के लिए घर से निकले थे। देर रात घर नहीं लौटे तो परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दिया लेकिन उनका पता नहीं चला। सुबह किसी ने देखा कि उनकी बाइक नहर किनारे पड़ी है। संजय नहर में लगभग ढाई फीट पानी में औंधे मुंह पड़े थे। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने देखा तो उनकी मौत हो चुकी थी। प्रभारी निरीक्षक गजानंद चौबे ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।