जौनपुर। अमर शहीद उमानाथ सिंह जिला चिकित्सालय में सोमवार से मरीजों के लिए सीटी स्कैन की सुविधा शुरू हो गई। खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने फीता काटकर मशीन का लोकार्पण किया। उन्होंने अस्पताल को एमआरआई (मैग्नेटिक रेजोनेंस इमेजिंग मशीन) देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इस मशीन की स्थापना भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड साहिबाबाद की ओर से कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) फंड के तहत की गई है। मशीन की स्थापना पर लगभग 1.56 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन लग जाने से मरीजों को जांच के लिए बाहर नहीं जाना होगा। निजी क्लीनिकों में जहां 22 सौ से तीन हजार रुपये तक सीटी स्कैन के लिए देना पड़ रहा था। यहां लोगों को महज 500 रुपये में सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध होगी। यहां इमरजेंसी सुविधा भी उपलब्ध है।उन्होंने कहा कि जिले के लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल में न्यूरो के अलावा अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की कराई जाएगी। ताकि मरीजों को इलाज के लिए दूसरे जनपदों में भटकना ने पड़े। नियमित रूप से चिकित्सकों की तैनाती एवं मरीजों को सभी चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही।इसके पूर्व मंत्री हवन पूजन तक मशीन का लोकार्पण किया। सीटी स्कैन मशीन का लोकार्पण करने के बाद मंत्री ने अस्पताल का निरीक्षण किया। इस मौके पर पूर्व सांसद केपी सिंह, डीएम डाॅ.दिनेश चंद, सीएमओ डा.लक्ष्मी सिंह आदि मौजूद रही।