बकरीद बुधवार को अकीदत के साथ मनाई जाएगी। इसके मद्देनजर मंगलवार को खरीदारों की भीड़ से बाजार गुलजार रहा। मुस्लिम परिवारों ने खूब खरीदारी की। शहर के कसेरी बाजार, नवाब यूसूफ रोड, हरलालका रोड, सब्जी मंडी, खोवा मंडी में देर शाम तक खरीदारों की भीड़ रही। मस्जिदों से लेकर मोहल्लों तक साफ सफाई का काम पहले से ही पूरा कर लिया गया है। बुधवार को सुबह नमाज के बाद कुर्बानी का सिलसिला शुरू हो जाएगा जो तीन दिनों तक चलेगा।
बाजार में सेवईं, मेवा, खोवा, कपड़े आदि की दुकानों पर लोगों की भीड़ रही। मंडी में खोवा 350 रुपये किलो से लेकर 400 रुपये किलो तक बिका। सेवईं 100 रुपये से लेकर 120 रुपये किलो बिकी। मंडी में अदरक, प्याज और लहसुन की भी खूब खरीददारी हुई। मंडी में अदरक 80 रुपये किलो और प्याज 40 रुपये किलो की दर से बिकी। नवाब साहब के अहाते में बकरों की मंडी लगी थी। जहां 10 से लेकर 40 हजार तक बकरे बिके। होजरी की दुकानों से लोगों ने बच्चों के लिए कुर्ता पायजामा, फर्श पर बिछाने के लिए दरी, पर्दा आदि खरीदारी की। मरकजी सीरत कमेटी के उपाध्यक्ष शकील मंसूरी ने बताया कि गाइडलाइन के अनुसार मस्जिदों में पचास से अधिक लोग नमाज में शामिल नहीं होंगे। उन्होंने साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने की अपील लोगों से की है। सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से पुलिस प्रशासन ने भी तैयारी की है। एएसपी सिटी डॉ संजय कुमार ने बताया बकरीद पर भी सभी को कोविड-19 के प्रोटोकाल का पालन करना होगा। इसके लिए सभी थाने की पुलिस को भी अलर्ट किया गया है। पुलिस अधिकारी भी इलाके में भ्रमणशील रहेंगे। किसी सार्वजनिक स्थान पर कुर्बानी नहीं हो सकेगी।
...
ईदगाह पर नहीं होगी बकरीद की नमाज
जौनपुर। सरकार के निर्देशों के मुताबिक मस्जिदों में भी पचास लोगों की भीड़ जमा हो सकती है लेकिन ईद गाह में कोई भी नमाज नहीं होगी। शाही ईदगाह कमेटी के जनरल सेक्रेटरी शोएब खान अच्छू का कहना है कि हर कोई ईदगाह पर ही नमाज पढ़ना चाहता है। ऐसे में यह तय कर पाना मुश्किल होगा कि पचास की संख्या में किसे शामिल किया जाएगा। कमेटी ने निर्णय लिया है कि शाही ईदगाह पर बकरीद की नमाज नहीं होगी।