जौनपुर। एसटीएफ ने खुटहन थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में वांछित 25 हजार के इनामी बदमाश मोनू यादव को बृहस्पतिवार की सुबह खुटहन के पिलकिछा चौराहा से गिरफ्तार कर लिया। उस पर गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
एसटीएफ को काफी दिनों से मोनू यादव निवासी डडवा खालिसपुर बदलापुर के फरार बदमाशों के सक्रिय होकर अपराध करने की सूचनाएं प्राप्त हो रही थीं। इस संबंध में एसटीएफ की विभिन्न इकाइयों/टीमों को सूचना इकट्ठा करने और कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया। इसी क्रम में एसटीएफ फील्ड इकाई वाराणसी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह की टीम जनपद जौनपुर में मौजूद थी। टीम को पता चला कि वांछित 25 हजार रुपये का इनामी मोनू यादव खुटहन के पिलकिछा चौराहे के पास मौजूद है। इस सूचना पर टीम स्थानीय पुलिस को साथ लेकर मोनू यादव को पिलकिछा चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया।
उसने पूछताछ पर बताया कि वह एक फरवरी 2024 को अपने साथी अंकित उर्फ आकाश के साथ मिलकर जिले के खुटहन थाना क्षेत्र के लालबहादुर सोनी के हार्डवेयर की दुकान में जाकर उनके ऊपर जान से मारने के नियत से फायर किया था। गोली लालबहादुर सोनी के पेट में लगी थी, जिसमें वह बुरी तरह से घायल हो गए थे।
छित्रेश उर्फ छोटू तिवारी और इंद्रेश तिवारी निवासी चौबहा थाना सरपतहां जनपद जौनपुर जो जिला कारागार अंबेडकरनगर में बंद है। उसने लालबहादुर सोनी से रंगदारी मांगी थी। रंगदारी न देने पर मोनू यादव और अंकित उर्फ आकाश को साहिल तिवारी ने असलहा उपलब्ध कराया था। इसके बाद मोनू यादव और अंकित ने इस घटना को अंजाम दिया था। अंकित उर्फ आकाश को स्थानीय पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अभियुक्त मोनू यादव घटना के बाद से फरार चल रहा था। मोनू पर जौनपुर और सुल्तानपुर में हत्या का प्रयास, डकैती, लूट, चोरी सहित कुल 10 मुकदमे दर्ज हैं। खुटहन थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह ने बताया कि मोनू यादव को गिरफ्तार कर चालान करते हुए जेल भेज दिया गया है।