बदलापुर थाना क्षेत्र के घनश्यामपुर की ग्रामप्रधान मीना देवी के घर सोमवार की रात मनबढ़ों ने धावा बोल दिया। इस दौरान जमकर ईंट-पत्थर चलाए। इसमें ग्राम प्रधान पति समेत तीन लोगों को चोटें आईं हैं।
मंगलवार को सुबह घटना के विरोध में घनश्यामपुर बाजार के व्यापारियों ने दूकानें बंद कर विरोध प्रदर्शन किया। ग्राम प्रधान पति की तहरीर पर पुलिस ने चार के खिलाफ केस दर्ज किया है। ग्राम प्रधान पति का आरोप है कि चुनावी रंजिश
को लेकर उन पर हमला किया गया है। ग्राम प्रधान मीना देवी के पति आनंद सेठ ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि सोमवार की रात में करीब नौ बजे वह अपने भाइयों के साथ कमरे में बैठ कर राशन कार्ड से संबंधित काम निबटा
रहे थे। तभी एक पिकअप उनके घर के सामने आकर रुकी और उसमें सवार हार्न बजाने लगे। उन्होंने जैसे ही शटर खोला तभी लोग ईंट पत्थर चलाने लगे। चपेट में आए आनंद सेठ (38), संतोष सेठ (40), सुरेन्द्र सेठ (25) को
चोट आई। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को अस्पताल से छोड़ दिया गया। मंगलवार को घटना के विरोध में बाजार के अच्छेलाल अग्रहरि , शिवपूजन वर्नवाल , सुनील अग्रहरि , अनिल मेडिकल , राघवेन्द्र सेठ , शोभनाथ गुप्ता , दीपक
मोदनवाल, जनार्दन वर्नवाल, पंकज हलवाई ,महेन्द्र सेठ आदि ने दूकाने बंद कर विरोध प्रदर्शन किया। आनंद सेठ की तहरीर पर पुलिस ने अमित तिवारी, विशाल तिवारी, रोहित तिवारी और प्रदीप तिवारी के खिलाफ केस दर्ज किया है।