लापता युवक का शव नदी में मिलने के बाद जंघई-दुर्गागंज मार्ग जाम करते ग्रामीण।
जनपद की सीमा से लगे जंघई चौकी इलाहाबाद अंतर्गत बरना गांव में नदी के किनारे शव मिलने से अफरातफरी मच गई। शव की पहचान बरना गांव के युवक के रूप में हुई। युवक मंगलवार देरशाम से मारपीट के एक मामले के बाद गायब था। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
गुस्साये ग्रामीणों ने शव रख कर जंघई दुर्गागंज सड़क जाम कर दिया। पुलिस उच्चधिकारियो के आने के बाद जाम समाप्त हुआ। सरायममरेज थाना क्षेत्र के बरना गांव निवासी अमर बहादुर यादव का 22वर्षीय पुत्र राहुल इलाहाबाद रहकर तैयारी करता था ।
वह 15 दिन पूर्व घर आया था। मंगलवार को बरना पुल के पास कुछ लोगों की उससे मारपीट हुई थी। तभी से वह गायब था परिजन खोज रहे थे। पर वह नही मिला। शुक्रवार की सुबह बरना नदी के पास उसका शव उतराया मिला।
धान लगाने जा रहे कुछ लोगों की नजर शव पर पड़ी तो हल्ला मचाया। शव की पहचान बरना गांव निवासी अमर बहादुर यादव के गायब पुत्र के रूप में हुई तो घर में कोहराम मच गया। पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची जंघई पुलिस ने शव को बाहर निकाला।
ग्रामीण शव कब्जे में पुलिस को नहीं लेने दिए। आक्त्रसेशित ग्रामीणों ने नौ बजे से जंघई दुर्गागंज सड़क पर युवक का शव रख कर सड़क जाम कर दिया। ग्रामीण उच्चाधिकारियो के मौके पर आने की मांग करने लगे। मौके पर सीओ फूलपुर, सीओ हंडिया राजवीर सिंह पहुंच गए।
उतरांव, सरायममेरज, फूलपुर, हंडिया और सरायइनायत दुर्गागंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। सीओ के समझाने पर तीन घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। लोग तुरंत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरप्तारी की मांग कर रहे थे। शव को देखने से लग रहा था की धारदार हथियार और कूचकर उसकी हत्या की गई थी।