बक्शा के लखौआ बाजार के पास मंगलवार को ट्रक पिकअप में टक्कर के बाद क्षतिग्रस्त पिकअप।
- फोटो : jaunpur
बक्शा, केराकत और मछलीशहर क्षेत्र में मंगलवार को हुए सड़क हादसे में टाटा मैजिक चालक की मौत हो गई जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लखनऊ से टाटा मैजिक की नई गाड़ी वाराणसी एजेंसी पर जा रही थी। बक्शा थाना क्षेत्र के लखौवा के पास सामने से आ रही प्राइवेट बस से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि टाटा मैजिक के परखच्चे उड़ गए। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसमें सवार तीन अन्य लोग घायल हो गए। मृत चालक की पहचान संतोष यादव निवासी कनेहटी थाना फूलपुर इलाहाबाद के रूप में हुई।
सूचना पर परिवार के लोग भी बक्शा थाने पहुंच गए। परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसमें सवार समोधपुर शाहगंज निवासी धनंजय सिंह व दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के पिलखिनी गांव निवासी पतिराज (65) अपनी ससुराल चन्दवक थाना क्षेत्र के कछवन गांव गए थे। मंगलवार को पतिराज को घर पहुंचाने उनके साले शेषनाग (32) बाइक से पिलखिनी गांव जा रहे थे। दोनों केराकत के बकुलिया स्थित अम्बेडकर मूर्ति के पास पहुंचे थे तभी सामने से आ रही पिकअप से धक्का लग गया।
दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद पिकअप छोड़ चालक फरार हो गया। हादसा होते ही आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े और उन्हें संभाला। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मछलीशहर प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के गोहका गांव निवासी आशीष यादव (25) अर्जुन यादव (23) सोमवार की देर शाम को किसा बारात में शामिल होने जमुहर गांव जा रहे थे। वे जमुहर गांव के निकट बाइक से पहुंचे थे तभी किसी ट्रैक्टर की चपेट में आ गए। आशीष की मौके पर मौत हो गई जबकि अर्जुन घायल हो गए।