कोतवाली क्षेत्र के बेलवा बाजार में स्थित देशी शराब की दूकान में शुक्रवार की देर शाम बदमाशों ने धावा बोल कर दूकान में लूटपाट की। शराब के साथ साथ नकदी भी लूट लिया। विरोध करने पर मालिक और उनके बेटे की जमकर पिटाई कर दी। बदमाशों की पिटाई से घायल पिता पुत्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के रामपुर निस्फी गांव निवासी मातवर सिंह की बेलवा बाजार में देशी शराब की लाइसेंसी दूकान हैं। शुक्रवार की रात करीब आठ बजे करीब 12 की संख्या में लाठी डंडे के साथ पहुंचे बदमाशों ने दूकान में धावा बोल दिया। सेल्समैन को अशोक सिंह को बाहर कर जमकर लूटपाट की। बेलवा बाजार से एक किलोमीटर दूरी पर स्थित अपने पेट्रोल पंप पर मौजूद मातवर सिंह दूकान में लूटपाट की सूचना पर अपने पुत्र नामवर सिंह के साथ मौके पर पहुंचे तो बदमाशों ने उन दोनों की भी पिटाई कर दी।
कैश बाक्स में मौजूद करीब 24 हजार रुपये और शराब लेकर बदमाश फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल पिता पुत्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र सिंह का कहना है कि पीड़ित की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिली तो कार्रवाई की जाएगी।