कोतवाली क्षेत्र के बेलवा दलित बस्ती में गुरुवार की रात कुछ लोगों ने झाड़-फूंक के विवाद में एक ओझा की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया।
ओझा की पत्नी की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश में जुट गई। सिकरारा थानाक्षेत्र के जमुआ गांव निवासी नन्हें लाल गौतम का ससुराल बेलवा दलित बस्ती में है। नन्हें सुसराल में अपने साला
सुरेश गौतम के साथ झाड़फूंक करता था। गुरुवार की रात 12 बजे नन्हें और सुरेश एक किशोरी की झाड़-फूंक कर रहे थे। इस दौरान वे कभी किशोरी को मार देते तो कभी बाल नोचते थे। किशोरी के परिवार वालों के विरोध करने पर भी नहीं
मान रहे थे। वे कमरे का दरवाजा बंद करने का प्रयास करने लगे। किशोरी के पिता से 25 हजार रुपये मांगने लगे और न देने पर घर पर भूत छोड़ने की धमकी देने लगे। इस पर किशोरी के परिवार वालों ने दोनों को मारने के लिए दौड़ा
लिया और सुरेश को चाकू गोदकर घायल कर दिया। उसके परिवार वाले उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए और पुलिस को सूचना दी। वहां से जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में सुरेश की मौत हो गई। इस मामले में सुरेश की
पत्नी अनीता देवी ने नन्हें गौतम, नीरज, धीरज, राजनारायण, फूलचंद्र के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करा दिया। एसपी ग्रामीण राम स्वरूप का कहना है कि केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।