सुजानगंज के मधुपुर में सराफा की दूकान में चोरी के बाद बिखरा सामान।
मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के मधुपुर बाजार में मंगलवार की रात सराफा की दो दूकानों में सेंध काटकर नकदी समेत लाखों का माल चोरों ने पार कर दिया। सुबह चोरी का पता चलने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
मधुपुर बाजार में बालवरगंज निवासी गौरीशंकर जायसवाल और नईगंज मुंगराबादशाहपुर निवासी सुरेशचंद्र साहू की अलग अलग सराफा की दूकान है। बुधवार को सुबह जब वे दूकान खोलने पहुंचे तो पता चला कि दूकान के पीछे से सेंध काटकर चोरों ने सारा माल पार कर दिया था।
गौरीशंकर जायसवाल के मुताबिक उनके दूकान में रखी तिजोरी तोड़कर उसमें रखा एक किलो चाँदी तथा दस ग्राम सोने के आभूषण, बर्तन नकदी आदि समेत एक लाख से अधिक का माल चोरों ने पार कर दिया।
सुरेशचन्द्र के मुताबिक उनकी दूकान में रखा आधा किलो चांदी तथा पांच ग्राम सोने के आभूषण और नकदी चोरों ने पार कर दिया। सूचना पाकर थानाध्यक्ष तहसीदार सिंह मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटना की छान बीन की लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीें मिल सका है।