जौनपुर। जिले में गुरुवार को अलग-अलग जगहों पर हुए चार सड़क हादसों में स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई जबकि आठ लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जफराबाद प्रतिनिधि के अनुसार जलालपुर थाना क्षेत्र के सिरकोनी ब्लाक मुख्यालय के सामने ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार एक अधेड़ महिला की मौत हो गई। जलालपुर थाना क्षेत्र के मझगंवा गांव निवासी आशा सिंह (55) अपने पुत्र संतोष सिंह (30) के साथ दवा लेकर स्कूटी से घर लौट रही थी। वह सिरकोनी ब्लाक मुख्यालय के सामने पहुंची थी तभी खराब सड़क के चलते बाइक असंतुलित हो गई और मां बेटे दोनों सड़क पर गिर पड़े। संतोष पायीं तरफ गिरे जबकि उनकी मां आशा सड़क की ओर गिर पड़ी। सड़क पर गिरने के बाद वह जबतक संभल पाती तब तक पीछे से आ रहा ट्रक उनके ऊपर चढ़ गया। अशा सिंह की मौके पर ही मौत हो गई । जबकि संतोष घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वाहन को भी कब्जे में ले लिया। मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। शाहगंज प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के जोगी बांध के समीप बुधवार की देर रात बाइक असंतुलित होने से उसपर सवार महिला समेत तीन लोग घायल हो गये। आजमगढ़ जनपद के पवई थानांतर्गत देवसरा गांव निवासी सुनील कुमार (25) पुत्र सुरेश कुमार अपनी पत्नी निशा (23) व बहन पूनम (20) को लेकर बाइक से रिश्तेदार के घर जा रहे थे। जोगी बांध के पास बाइक असंतुलित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गयी। जिसमें तीनों सवार गम्भीर रुप से घायल हो गए। मछलीशहर प्रतिनिधि के अनुसार प्रतापगढ जिले के ग्राम भगेसरा निवासी अर्जुन यादव (28) पुत्र साधो यादव और उमेश शर्मा (20) पुत्र मोती शर्मा बुधवार की रात किसी वैवाहिक कार्यक्रम मे शामिल होने के लिए घर से निकले थे। वे मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के जहॉसापुर के समीप पहुंचे थे बोलेरो की चपेट में आ गये। दोनों घायल होकर सड़क की पटरी के बगल गिरे थे। पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। मुंगराबादशाहपुर प्रतिनिधि के अनुसार मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के जघई मार्ग पर धौरहरा के करीब गुरुवार को तड़के करीब दो बजे रात मुंगराबादशाहपुर से अपने घर जाते समय सामने से आ रहे अज्ञात फोर व्हीलर वाहन की चपेट में आने से मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ागांव निवासी बीरेंद्र प्रताप पुत्र भागीरथी (41) व बाइक पर पीछे बैठे जौनपुर जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कटवार, निगोह निवासी पंचू राम पांडे (68) गंभीर रूप से घायल हो गए।