बदलापुर। बदलापुर थाना क्षेत्र के चकरियहवा घाट के पास बुधवार की रात पुलिस टीम को देख शराब से लदी बोलेरो छोड़कर तस्कर फरार हो गए। बोलेरो से पुलिस ने दो सौ लीटर अवैध शराब बरामद किया है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आबकारी निरीक्षक प्रशांत सिंह को मुखबीर से सूचना मिली कि शराब माफिया बोलेरो गाड़ी में शराब लादकर बदलापुर खुर्द क्षेत्र में आने वाले हैं। उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को देते हुए खुद पीली नदी के चकरियहवा घाट पर पहुंच गए। बदलापुर थाने से पुलिस फोर्स भी पहुंच गई। इसी बीच मिरशादपुर की तरफ से आ रही बोलेरो को पुलिस ने रुकने का संकेत दिया तो चालक ने रफ्तार और तेज कर दी। आबकारी निरीक्षक और पुलिस टीम ने अपनी गाड़ी से पीछा किया। पुलिस व आबकारी टीम से घिरता देख चालक व उसका साथी बदलापुर खुर्द के पास गाड़ी खड़ी कर भाग निकला। बरामद बोलेरो से तलाशी के दौरान दो ड्रम में लगभग चार सौ लीटर देशी शराब, एक बोरे में दो सौ एमएल की 180 शीशी, दो सौ ढक्कन तथा दो सौ रैपर बरामद हुआ। पुलिस ने अज्ञात बोलेरो स्वामी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। टीम में प्रदीप मिश्र, श्याम कुमार गुप्ता, उपनिरीक्षक रमेशचन्द्र राम, उपनिरीक्षक अखिलेशचन्द्र यादव आदि शामिल थे।