जौनपुर। लाइनबाजार थाना क्षेत्र के सीहीपुर के पास फोरलेन निर्माण के लिए बनाए गए पानी के टैंक में मंगलवार को श्रमिक का शव पाए जाने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीहीपुर गांव निवासी रामधारी गौड़ का बेटा संदीप (20 ) वाराणसी-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग को फोरलेन बनाने का काम कर ही कंपनी गायत्री प्रोजेक्ट के सीहीपुर डिपो पर मजदूरी करता था। वह ट्रकों पर गिट्टी और बालू लादने व उतारने का काम करता था। संदीप के परिजनों के मुताबिक संदीप रोज सुबह काम पर जाता था और शाम को घर लौट आता था। आवह रविवार को सुबह काम पर गया तो शाम तक लौटकर नहीं आया। काफी खोजबीन की गई लेकिन पता नहीं चला। मंगलवार को उसका शव सीहीपुर में फोरलेन बनाने वाली कंपनी गायत्री प्रोजेक्ट के डिपो पर बने पानी के टैंक में उसका शव उतराया हुआ मिला। उसके शरीर पर सिर्फ अंडरवियर थी। दूसरे कपड़े टंकी के बाहर पाए गए। गायत्री प्रोजेक्ट के प्रबंधक अजय यादव की तहरीर पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष मिथिलेश मिश्रा ने बताया कि रविवार की शाम को कुछ लोगों ने पानी के टैंक के पास उसे नहाते हुए देखा था। आशंका है कि नहाते समय ही वह किसी तरह टैंक में डूब गया होगा लेकिन मौत की असली वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही चल सकेगा। परिवार वालों ने अभी तहरीर नहीं दी है। क्षेत्राधिकारी नगर नृपेंद्र का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही युवक की मौत के कारण का पता चल सकेगा।