अमर उजाला अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स जागरूकता कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को मोहम्मद हसन पीजी कालेज में पुलिस पाठशाला आयोजित किया गया। पाठशाला में छात्रों को माइक मिला तो उन्होंने खुलकर अपनी बातों को एसपी से शेयर किया। एसपी ने उन्हें सफलता, लक्ष्य और उनके भविष्य को लेकर संवाद किया। उन्होंने कहा कि कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती। इसलिए अपने भविष्य को लेकर लक्ष्य निर्धारित करें और उसे प्राप्त करने के लिए कोशिश करते रहे।
एसपी आशीष तिवारी ने कहा कि जौनपुर में उनकी पहली पुलिस पाठशाला है। इससे पहले वाराणसी, मिर्जापुर, एटा जिले में वह तकरीबन 115 पाठशालाएं स्कूलों में जाकर कर चुके हैं। उन्हें छात्रों से लगाव है। वह खुद एक सामान्य परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कहा कि देश में जितनी प्रतिभाएं आज समाज के लिए उदाहरण हैं। उनमें अधिकतर लोग छोटे परिवारों और गांवों से ही निकलकर आए हैं।
दुनिया में जो जैसा एनर्जी देता है। उसे वापस वैसा ही मिलता है। एसपी ने कहा कि जीवन मोबाइल गेम की तरह है। जैसे मोबाइल पर गेम खेलने में रूचि पैदा होती है। वैसे ही शिक्षा के क्षेत्र में सफलता हासिल होने पर और ऊंचाई प्राप्त करने की लालसा बढ़ती है। डा. कमर अब्बास ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में आगे निकल चुकी हैं। शिक्षा, खेल के साथ और वायुसेना में भी अपनी उपयोगिता साबित कर रही हैं।
अमर उजाला की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में जो छात्राएं हिस्सा ले रही हैं। उनकी नैतिक जिम्मेदारी है कि वह अपने पास पड़ोस की महिलाओं के साथ दूसरों लोगों को भी सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगी। पूर्वांचल विश्वविद्यालय के लॉ विभाग के पूर्व डीन डा. पीसी विश्वकर्मा ने नारी गरिमा साझा संकल्प पर बेटियों पर स्वनिर्मित गीत इज्जत हैं, आन बान हैं और शान बेटियां, हैं मां का दिल तो बाप की जान बेटियां सुनाकर सभी को ताली बजाने के लिए विवश कर दिया। प्राचार्य डा. अब्दुल कादिर खां ने नारी शिक्षा और अधिकार पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन से महिलाओं में जागरूकता पैदा होती है। उन्होंने विद्यालय परिवार की तरफ से आभार जताया।