जौनपुर। पीडब्लूडी के जूनियर इंजीनियर को सरकारी आवास से जबरन अपनी गाड़ी में बैठा कर मनबढ़ ठेकेदार उठा ले गया। जेई के अपहरण की सूचना से हड़कंप मच गया। हालांकि लाइन बाजार पुलिस ने दो घंटे के भीतर सरायचयाजा थाना क्षेत्र के खुटहन रोड़ पर स्थित ठेकेदार के मल्हनी प्लांट से जेई को बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार घटना के पीछे रुपये के लेनदेन का विवाद सामने आया है। गाजीपुर जिले के निवासी पंकज सिंह यादव पीडब्ल्यूडी में जूनियर इंजीनियर हैं। गुरुवार को दोपहर करीब दो बजे लाइन बाजार थाना क्षेत्र के डाक बंगले के पास स्थित जेई के सरकारी आवास में हथियारों से लैश एक ठेकेदार के साथ चार-पांच लोग स्कार्पियो से पहुंचे। यहां दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। इसी बीच ठेकेदार के साथ आए बदमाश जेई की बांह पकड़कर नीचे बात करने के बहाने ले गए और फिर पिस्टल सटाकर जबरन स्कार्पियो में बैठाकर भाग निकले। जेई की पत्नी विभा देवी ने यूपी 100 पुलिस को अपने पति के अपहरण की सूचना दी। इसके बाद लाइन बाजार पुलिस सक्रिय हो गई। इंस्पेक्टर संजीव मिश्रा फोर्स के साथ ठेकेदार के मल्हनी स्थित ठिकाने पर पहुंचे, जहां जेई को कमरे में बंद कर रखा गया था। जेई को सकुशल बरामद कर पुलिस थाने ले आई। वहीं, ठेकेदार के समर्थक मौके से फरार हो गए। सीओ सिटी नृपेंद्र ने बताया कि मामले में कुछ लोगों को पूछताछ की जा रही है। जल्द ही केस दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।