जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र के पतरही गांव निवासी दुखी राजभर के पुत्र छूटू की 21 फरवरी की रात में हुई मौत हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से हुई थी। मंगलवार को एसपी कार्यालय पहुंच दुखी राजभर ने एसपी को पत्रक देकर न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने गोली चलाने वाले के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। एसपी ने उन्हें न्याय का भरोसा दिया है। एसपी कंो दिए गए पत्रक में दुखी राजभर ने कहा है कि 21 गांव में बारात आई थी। जहां द्वारपूजा देखने के लिए उनका बेटा छोटू भी गया था। वहां हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से छोटू की मौत हो गई। जिसके घर बारात आई थी उनके रसूख के आगे कोई अपनी जुबान नहीं खोल सका। वे लोग रात में बेटे का शव लेकर घर आए और जैसा कहा वैसे मान लिया। उन लोगों के कहने के अनुसार ही पुलिस को तहरीर में उस वक्त लिखवाया गया था कि मौत का कारण पता नहीं चल सका। अब जाकर पता चला कि हर्ष फायरिंग के दौरान छोटू की मौत हुई है। उन्होंने जांच करवाकर फायरिंग करने वालों के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की है।