बदलापुर । स्थानीय थाना क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बदलापुर के सामने स्थित मोबाइल के दुकानदार को गुरुवार की देर शाम बदमाशों ने चाकू मारकर घायल कर दिया। बदलापुर कस्बा निवासी अशोक तिवारी की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बदलापुर के सामने मोबाइल फोन की दुकान है और उसके पिछले हिस्से में ही उनका आवास है। शुक्रवार की शाम करीब नौ बजे अशोक तिवारी की दुकान पर दो लोग पहुंचे और मोबाइल में रिचार्ज कराने लगे। इसी दौरान विवाद हो गया। कहासुनी के दौरान मनबढ़ों ने चाकू से वार कर दिया जिससे अशोक तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शोर सुनकर बचाव के लिए पहुंची उनकी पत्नी संगीता को भी बदमाशों ने पीट दिया। स्थानीय लोगों ने एक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। संगीता की तहरीर पर थाना बदलापुर पुलिस ने रवि शुक्ला, अर्पित शुक्ला के खिलाफ प्राणघातक हमले का केस दर्ज किया है।