मुंगराबादशाहपुर। पवारा व मीरगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने क्षेत्र के अमोध गांव स्थित पुलिया पर रविवार की रात घेराबंदी कर अंतर्जनपदीय एटीएम चोरों के गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।
पवारा थाना परिसर में मछलीशहर क्षेत्राधिकारी विजय सिंह ने बताया कि पंवारा पुलिस रविवार की रात चितांव पुलिया पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। सीमा का गांव होने के कारण थानाध्यक्ष मीरगंज बालेंदु यादव भी गस्त करते हुए वहाँ पहुंच गए। इसी दौरान पंवारा थानाध्यक्ष हरिप्रकाश यादव को मुखबिर से सूचना मिली कि अमोध पुलिया के पास कुछ लोग काफी देर से बैठकर कोई योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही दोनों थाना क्षेत्रों की पुलिस ने पुलिया के दोनों तरफ घेराबंदी कर दिया। घेराबंदी के दौरान ही चोरों की तरफ से फायरिंग की गई। संयोग अच्छा था कि बदमाशों की तरफ से चली गोली किसी पुलिसकर्मी को नहीं लगी। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संहालते हुए फायरिंग की और सभी को मौके से गिरफ्तार लिया गया। गिरफ्तार अभियक्त भानु प्रताप, अरविंद गाँव गुलरा थाना मुंगराबादशाहपुर, सुरेंद्र गाँव गोपाली फूलपुर, बलजीत गाँव मुस्तफाबाद, उदयभान पुत्र गाँव बाबूगंज, सचिन गाँव चकिया गिर्दपुर प्रयागराज बताए जा रहे हैं। उनके पास से एक तमंचा, खोखा व एक जिंदा कारतूस, गैस कटर, रॉड, हथौड़ा, चाभी का गुच्छा, 2 छीनी, छ: मोबाइल, एक बिना नंबर की कार बरामद हुई। गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि उनके द्वारा मीरगंज व प्रयागराज के बहरिया, फूलपुर सहित अन्य कई जगह एटीएम चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। पंवारा थानाध्यक्ष हरिप्रकाश यादव ने बताया कि भानु प्रताप मुंगराबादशाहपुर बाजार में प्राइवेट कोचिंग का संचालन करता है। वही इस गिरोह का सरगना है। गिरफ्तार करने वाली टीम में मीरगंज थानाध्यक्ष बालेंद्र यादव भी मौजूद रहे।