करंजाकला। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के स्थानीय गांव में मंगलवार की रात पुरानी रंजिश में महिला पर तेजाब फेंक दिया। करीब बीस फीसदी झुलसी महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिला अस्पताल में भर्ती सुषमा (35) पत्नी गुलाब निवासी सरायख्वाजा का आरोप है कि मंगलवार की शाम को वह अपनी सास के लिए खाना लेकर पाही पर जा रही थी। तभी रास्ते में गांव के कुछ लोगों ने उसे रोक लिया और जमीन संबंधी विवाद में चल रहे एक मुकदमे को वापस लिए जाने का दबाव बनाने लगे। उसने मुकदमा वापस लेने से इनकार कर दिया। उस पर पीछे से उसके शरीर पर तेजाब फेंक दिया। चीखने-चिल्लाने पर गांव के लोग आए और उसे अस्पताल पहुंचाया। सरायख्वाजा थाने की पुलिस तेजाब फेंकने की घटना से इनकार की है। थानेदार विनोद यादव का कहना है कि महिला जिन पर आरोप लगा रही है उनसे पुरान विवाद है। दोनों पक्षों को बुधवार को सुबह थाने बुलाया गया था लेकिन कोई भी पक्ष थाने नहीं आया। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।