बदलापुर/शाहगंज। बदलापुर कस्बे में घनश्यामपुर रोड पर सोमवार को सुबह करीब साढ़े सात बजे स्नानार्थियों से भरी कार एक डीसीएम से टकरा गई। कार में सवार पांच लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जाती है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, सरपतहा थाना क्षेत्र के रामनगर बाजार के पास रविवार की देर शाम दो बाइक की टक्कर में एक युवक घायल हो गया।
गोरखपुर जनपद के बेलीपार थाना क्षेत्र के सरया निवासी रविप्रताप सिंह अपने पिता जयसिंह, राजेंद्र सिंह व धीरेंद्र उपाध्याय निवासी नौसड़ के साथ प्रयागराज स्नान करने जा रहे थे। कार सुबह करीब साढ़े सात बजे जैसे ही घनश्यामपुर रोड पर निर्माणाधीन फोरलेन पुलिया के पास पहुंची थी तभी शाहगंज की ओर जा रही डीसीएम ट्रक से टक्कर हो गई। कार में सवार सभी चार लोग घायल हो गए। डीसीएम चालक सीतापुर निवासी बब्लू भी घायल हो गया। एंबुलेंस से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां धीरेंद्र को गंभीर चोट लगने के कारण डाक्टरों ने जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया । उधर, सरपतहां थाना क्षेत्र के राम नगर बाजार के समीप रविवार की देर शाम दो बाइक की टक्कर में एक बाइक सवार राजमनी (26) पुत्र रामपत बिंद निवासी मलिकपुर थाना कादीपुर सुल्तानपुर गम्भीर रूप से घायल हो गया। उसे राजकीय चिकित्सालय से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।