जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र में आजमगढ़ मार्ग पर बलुआ घाट के पास मंगलवार को सुबह करीब दस बजे ट्रक की चपेट में आने से प्रसाद इंस्टीच्यूट आफ टेक्नालाजी के पालीटेक्निक द्वितीय वर्ष के छात्र की मौत हो गई। हादसे की खबर लगते ही सैकड़ों छात्र जिला अस्पताल पहुंच गए और हंगामा करने लगे। छात्रों ने परिसर में खड़ी एक एंबुलेंस को क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना पर कोतवाली पुलिस, सीओ और एसडीएम मौके पर पहुंचे। पुलिस ने किसी तरह छात्रों को शांत कराया। एहतियात के तौर पर जिला अस्पताल और प्रसाद इंजीनियंरिंग कालेज में पुलिस तैनात कर दी गई है। वहीं, हादसे के बाद ट्रक छोड़कर चालक फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। बक्शा थाना क्षेत्र के भिवरहा गांव निवासी जगदीश सिंह का बेटा आकाश सिंह (20) प्रसाद इंस्टीच्यूट में पालिटेक्निक द्वितीय वर्ष का छात्र था। वह सुबह परीक्षा देने के लिए बाइक से कॉलेज जा रहा था। करीब दस बजे बलुआघाट के पास पहुंचा था कि तभी ट्रक की चपेट में आ गया। पुलिस ने घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। उधर, हादसे की सूचना पर प्रसाद इंस्टीट्यूट के छात्र जिला अस्पताल पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। शव को मर्चरी हाउस से बाहर निकालने की कोशिश की और परिसर में खड़ी एक एंबुलेंस को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसकी सूचना मिलने पर नगर कोतवाली, लाइन बाजार थाने की पुलिस के अलावा सीओ सिटी, एसडीएम सदर मंगलेश दुबे मौके पर पहुंच गए। यहां पुलिस से भी छात्रों की तीखी नोंकझोंक हुई। आंदोलित छात्र ट्रक चालक की गिरफ्तारी और मृत छात्र के परिजनों को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। एडीएम ने समझा बुझाकर किसी तरह छात्रों को शांत कराया। एहतियात के तौर पर जिला अस्पताल और आस पास के इलाकों में पुलिस तैनात कर दी गई। साथ ही कॉलेज परिसर में भी पुलिस की तैनाती की गई। एसपी सिटी अनिल पांडेय का कहना है कि ट्रक को लाइन बाजार पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। चालक मौके से फरार हो गया है। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी की जाएगी।