सुइथाकला/सिंगरामऊ। सरपतहा थाना क्षेत्र के डीह अशरफाबाद गांव के पास बुधवार की शाम बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर एक व्यवसायी से दो हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया। वहीं, सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के चिरैयामोड़ के पास बाइक सवार बदमाशों ने कोचिंग से लौट रहे छात्र को चाकू से आतंकित कर मोबाइल फोन लूट लिया। सरपतहा थाना क्षेत्र के डीह असरफाबाद निवासी द्वारिका प्रसाद मौर्य की गलगलाशहीद बाजार में बीज भंडार की दूकान है। बुधवार की देर शाम को वह दूकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। वह डीह अशरफाबाद बाजार के पास पहुंचे थे तभी पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने रोक लिया और तमंचे से आतंकित कर उनकी जेब से दो हजार रुपये व मोबाइल फोन लूट लिया। बदमाश सूरापुर की तरफ फरार हो गए। सूचना पर पुलिस ने छानबी की लेकिन बदमाशों का पता नहीं चला। उधर सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के रतासी गांव निवासी सौरभ यादव बुधवार की शाम को कोचिंग से घर लौट रहा था। वह मल्लूपुर स्थित सोनचिरैया मंदिर के पास पहुंचा था तभी बाइक सवार बदमाशों ने रास्ता पूछने के बहाने उसे रोक लिया। छात्र रास्ता बता रहा था तभी दूसरे लोगों ने चाकू से आतंकित कर उसके पास से मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। पीड़ित छात्र के पिता ने नामजद तहरीर दी है।