जौनपुर। अपराधियों से मुकाबले के लिए जिले की पुलिस को अब आधुनिक असलहों से लैस किया जा रहा है। पुलिस को माडर्न बनाने के क्रम में ही जिले में 200 इंसास राइफलें आई हैं। जिसे शीघ्र ही सभी थानों में भेज दिया जाएगा। यही नहीं तीन एमफाइव जैसी अत्याधुनिक गन भी जिले की पुलिस को मिल चुकी है। तकरीबन 50 लाख की आबादी वाले इस जिले में एक महिला थाना समेत कुल 28 थाने हैं। इन थानों में ढाई हजार सिपाही तैनात हैं। हालांकि अभी तक जिले के सभी सिपाहियों के हाथ में असलहे नहीं हैं। जिले की पुलिस के पास मौजूद असलहों पर नजर दौड़ाएं तो मौजूदा समय में 700 थ्री नाट थ्री राइफ, 62 एसएलआर, 92 कार्बाइन, 69 रिवाल्वर, 363 पिस्टल, 85 पंप एक्शन गन और 18 एके 47 राइफल है। इसके अलवा 110 गैस गन व 70 एमपी राइट गन हैं जो आंसू गैस के गोले और रबर की गोलियां दागने के काम में आती हैं। अब पुलिस के पास असलहों की इस जखीरे में 200 इंसास राइफलें भी शामिल हो जाएंगी। इस राइफल के आने से एक तो पुलिस को असलहों के भारी वजन ढोने से छुटकारा मिलेगा दूसरे बदमाशों से मुकाबलें के लिए यह राइफल अधिक कारगर होगी। इंसास राइफल की मारक क्षमता तीन सौ मीटर तक होगी। ऐसे में अब 303 बोर की राइफलें सिपाहियों के पास अब नहीं के बराबर हो जाएगी। क्योंकि अधिक वजन की वजह से सिपाही परेशान रहते थे।