बदलापुर । स्थानीय थाना क्षेत्र के मुरादपुर कोटिला गांव में गुरुवार की शाम युवक को गोली मारने के मामले में पुलिस ने एक नामजद समेत दो के खिलाफ प्राण घातक हमले के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।
रुपचंद्रपुर गांव निवासी हरिनाथ यादव (38) बदलापुर कस्बे से गुरुवार की देर शाम बाइक से घर जा रहे थे। वह मुरादपुर कोटिला गांव के निकट ईंट भट्ठे के पास पहुंचे थे तभी पहले से घात लगाकर बैठे लोगों को देखकर वह वापस लौटने लगे तभी बदमाशों ने पीछे से फायरिंग कर दी। गोली पीठ में लगने से वह जमीन पर गिर पड़े। गोली की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां हालत गंभीर देख डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से उन्हें बीएचयू रेफर कर दिया गया है। पीड़ित के चाचा झिंगुरी यादव की तहरीर पर पुलिस ने रूपचंद्रपुर गांव निवासी राजन सिंह व एक अज्ञात के खिलाफ प्राणघातक हमले के आरोप में केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।