सुइथाकला। सरपतहा थाना क्षेत्र के पूराअसालत खां गांव के निकट बुधवार को सुबह इंटर कालेज की छात्राओं से भरी स्कूल बस को रोककर बाइक सवार मनबढ़ों ने बस में घुसकर छात्राओं से छेड़ख़ानी की। चालक ने विरोध किया तो मनबढ़ों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। बस में सवार छात्राओं ने चीख पुकार शुरू किया तो मनबढ़ बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। चालक छात्राओं से भरी बस को लेकर सीधे थाने पहुंच गया। छात्राओं और चालक की संयुक्त तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सरपतहा थाना क्षेत्र के सूरापुर में स्थित एक इंटर कालेज की बस सुबह छात्राओं को लेकर स्कूल जा रही थी। बस में करीब 15 छात्राएं सवार थीं। सुबह करीब नौ बजे बस पूराअसालत खां गांव की नहर पुलिया के पास सुनसान स्थान पर पहुंची थी तभी दो बाइक पर सवार चार मनबढ़ों ने बाइक सड़क पर खड़ी कर बस को रोक लिया। बस रुकते ही चारों युवक बस में घुस गए और छात्राओं के साथ छेडख़ानी शुरू कर दी। चालक रामदुलार यादव ने छेडख़ानी का विरोध किया तो मनबढ़ों ने उसे बस के अंदर ही पीटना शुरू कर दिया। यह देख बस में सवार छात्राएं सहम गई। छात्राओं ने चीखपुकार मचाना शुरू कर दिया। आस पास कोई बस्ती न होने के कारण मनबढ़ बेखौफ थे। छात्राओं के हो हल्ला मचाने के बाद चारों युवक बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। चालक छात्राओं से भरी बस लेकर सरपतहा थाने पहुंच गया जहां घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर स्कूल के प्रबंधक भी थाने पहुंच गए। चालक और छात्राओं की संयुक्त तहरीर पर पुलिस ने पूराअसालक खां गांव निवासी सद्दाम, शहजादे, दानिश और एक अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। सीओ शाहगंज अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जौनपुर। पुलिस का एंटी रोमियों दस्ता भी छात्राओं की मदद नहीं कर पा रहा है। सरपतहा थाना क्षेत्र के पूरा असालत खां गांव के पास बुधवार को जिन छात्राओं के साथ स्कूल बस में छेडख़ानी हुई उन छात्राओं के गांव के करीब में भी विद्यालय है, लेकिन मनबढ़ों के डर से परिवार के लोग गांव के करीब वाले विद्यालय में बेटियों का दाखिला नहीं कराया। इसलिए कि गांव के पास के विद्यालय में जाने के लिए जो रास्ता है वह सुरक्षित नहीं है। नहर के पुल के पास सुनसान स्थान है वहीं पर मनबढ़ किस्म के लड़के स्कूल जाने और आने के समय जमे रहते हैं जो छात्राओं के साथ छेडख़ानी करते हैं। पूर्व में भी ऐसी कई घटनाएं हो चुकी हैं। ऐसी घटनाओं से बचने के लिए ही गांव के लोग बेटियों का दाखिला दस किलोमीटर दूर के स्कूल में कराया है। वहां से बस गांव तक आती है लेकिन अब बस मे भी स्कूल जाने वाली बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। एंटी रोमियों दस्ता भी उनकी मदद नहीं कर पा रहा है।