गौराबादशाहगपुर/शाहगंज। गौराबादशाहपुर कस्बे के पास सोमवार को सुबह ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के उसरहटा के पास हुई एक अन्य दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक मवेशियों से टकराकर घायल हो गए।
आजमगढ़ जिले के दीदारगंज निवासी अभिषेक उर्फ झबलू मौर्य (21) अपने मित्र ज्ञानेंद्र उर्फ रोशन सिंह (29) के साथ बाइक से जौनपुर से आजमगढ़ लौट रहे थे। गौराबादशाहपुर कस्बे के मीनारा मस्जिद के पास सामने से आ रहे खाली ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। बाइक ट्रक के अगले पहिये के नीचे आ गई। बाइक और दोनों युवक करीब 60 मीटर तक ट्रक के साथ घिसटते रहे। स्थानीय लोगों ने शोर मचाया तो ट्रक खड़ाकर चालक फरार हो गया। अभिषेक मौर्य की मौके पर ही मौत हो गई जबकि ज्ञानेंद्र को पुलिस ने सीएचसी पहुंचाया जहां हालत गंभीर देख डाक्टर ने जिला अस्पताल भेज दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान ज्ञानेंद्र ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया और दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर खेतासराय थाना क्षेत्र के रानीमऊ गांव निवासी तैयब (18) पुत्र मोफीद व मो. हलीम (22) पुत्र एजाज अहमद अपनी बाइक से शाहगंज की तरफ आ रहे थे। उसरहटा क्रासिंग के समीप पहुंचे थे कि अचानक सामने जानवरों का झुंड आ जाने की वजह से अनियंत्रित होकर गिर पड़े। जिसमें दोनों गम्भीर रुप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने घायलों को उपचार के लिए पुरुष चिकित्सालय में भर्ती कराया । जहां डाक्टरों द्वारा इलाज के दौरान हालत गम्भीर देखकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।