सुइथाकला। सरपतहा थाना क्षेत्र के अतरौड़ा गांव में मंगलवार की शाम खेत में गिरे विद्युत प्रवाहित तार की की चपेट में आने से बालिका की मौत के मामले में पुलिस ने तीन के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। गुरुवार को पुलिस ने जिलाधिकारी के आदेश पर गांव में दफन की गई बालिका की लाश को कब्र से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
सरपतहां थाना क्षेत्र के अतरौडा गांव निवासनी सुरेश गौतम की बेटी प्रियांशी (07) अपनी बड़ी बहन के साथ मंगलवार की शाम करीब छह बजे बस्ती से दूर पंपिंगसेट की ओर गई थी। पंपिंगसेट के पास लगे विद्युत पोल से गांव के कई लोग कटिया मारकर कनेक्शन घर ले गए हैं। कटिया के सहारे लगाया गया विद्युत प्रवाहित नंगा तार टूटकर खेत में गिरा था। प्रियांशी का पैर बिजली के तार के संपर्क में आ गया। करेंट की चपेट में आने से वह छटपटाने लगी। सात में मौजूद उसकी बड़ी बहन ने शोर मचाया तो घर के लोग पहुंच गए। लोगों ने तार को सावधानी से हटाकर प्रियांशी को अलग किया लेकिन तबतक उसकी मौत हो गई। ग्राम प्रधान की मौजूदगी में पंचनामा के बाद परिजनों ने लाश को दफन कर दिया। मृत बालिका के पिता ने बुधवार को पंपिंगसेट के मालिक विजय चौबे और कटिया कनेक्शन धारी सत्यम और पप्पू के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कराया। केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने गुरुवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर शव को कब्र से बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।