शाहगंज। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के गोड़िला गांव में बुधवार की देर रात पांच की संख्या में संदिग्ध लोग एक मकान का दरवाजा तोड़कर घर में घुस गए। घटना की खबर लगते ही गांव के लोग जुट गए। घर में घुसे संदिग्धों ने खुद को एसटीएफ के अधिकारी बताते हुए गृह स्वामी से पूछताछ कर चले गए।
गोड़िला गांव निवासी नूर मोहम्मद शेख के घर पर रात दो बजे पांच की संख्या में संदिग्ध युवक पहुंचे। परिवार के लोग घर का दरवाजा अंदर से बंद कर सो रहे थे। संदिग्धों ने दरवाजा तोड़ दिया और घर के अंदर दाखिल हुए तो परिवार के लोग शोरशराबा करने लगे। इतने में आसपास के लोग भी जुट गए। भीड़ के बीच ही संदिग्धों ने खुद को एसटीएफ का अधिकारी बताया और गृह स्वामी से नाम, कारोबार आदि पूछ कर लौट गए। संदिग्ध युवक अपने वाहन को गांव के बाहर खड़ा किए थे। इससे वाहन की पहचान नहीं हो सकी। गुरुवार की सुबह नूरमोहम्मद ने पुलिस को घटना की तहरीर दी है।