मछलीशहर। स्थानीय कस्बे में स्थित एक एटीएम बूथ से रुपये निकालने आए खाताधारक का एटीएम कार्ड बदलकर बदमाशों ने खाते से 20 हजार पांच सौ रुपये उड़ा दिए।
मछलशहर कोतवाली क्षेत्र के पराहित खास गांव निवासी संजय यादव बुधवार की शाम बरईपार चौराहे के पास स्थित एटीएम बूथ से पैसे निकाल रहा था। इसी दौरान बूथ के अंदर मौजूद युवकों ने मशीन से पैसा नहीं निकलने पर मदद करने के नाम पर कार्ड बदल लिया। जालसाजों ने मशीन में कार्ड लगाकर इधर उधर किया फिर मशीन खराब होने की बात कर चले गए। थोड़ी ही देर बाद संजय के मोबाइल फोन पर दो किस्तों में 20 हजार पांच सौ रुपये निकलने का मैसेज आ गया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस की छानबीन में पता चला है कि संजय के एटीएम से आजमगढ़ के एक पेट्रोल पंप से 500 रुपये का पेट्रोल भराने तथा नगर के एटीएम से 20 हजार रुपये निकालने की बात सामने आई है।