जौनपुर। जिले में अलग अलग हुए सड़क हादसों में दस लोग घायल हो गए। दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
धर्मापुर प्रतिनिधि के अनुसार गौराबादशाहपुर कस्बे से सवारी लेकर जौनपुर शहर की ओर जा रहा आटो रिक्शा बाजार में पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आने से आटो रिक्शा पलट गया। उसमें सवार सात लोग घायल हो गए। घायलों में आजमगढ़ जिले के कुनबीपुर निवासी शाहजहां (48), फातिमा (42), चोरसंड निवासी मन्नू बानो (44) और चार अन्य शामिल हैं। सभी घायलों को चोरसंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां मन्नू बानो की हालत गंभीर देख डाक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे के बाद ट्रक छोड़कर चालक फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया।
मछलीशहर प्रतिनिधि के अनुसार सुजानगंज से सवारी लेकर मछलीशहर आ रहा टैंपो थलोई गांव के पास पहुंचा था। सामने से आ रहे ट्रक से धक्का लगने से टैंपो सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। उसमें सवार फूलचंद (55) निवासी सिउरा थाना सिकरारा तथा ऊषा (50 ) निवासी अनुवा थाना सुजानगंज घायल हो गई। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
मडियाहूं प्रतिनिधि के अनुसार इलाहाबाद जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र के कनेठी गांव निवासी निशांत(20) पुत्र रविंद्र उंचनीकला गांव स्थित अपने रिश्तेदार के घर से लौट रहा था। टेंपो में सवार होकर वह मडिय़ाहूं रेलवे स्टेशन जा रहा था। टेंपो कस्बे में पहुंचा था तभी दूसरे टैंपो से साइड लगने से निशांत घायल हो गया। उसका पैर टूट गया। सीएचसी से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।