खुटहन। सधनपुर गांव स्थित राज गौरव डिग्री कालेज के पास सोमवार की शाम बाइक सवार अधेड़ को ओवरटेक कर नकाबपोश बदमाशों ने असलहे की नोंक पर 20 हजार रूपए लूटकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस आसपास तलाश किया लेकिन तब तक लुटेरे छित्तूपुर की तरफ फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। सधनपुर गाँव निवासी राम नारायण श्रीवास्तव का आरोप है कि वे सुल्तानपुर जिले के सूरापुर बाजार स्थित इलाहाबाद बैंक से पैसा निकाल घर वापस आ रहे थे। खुटहन बाजार पहुंचकर चाय पीने के बाद चौराहे से लगभग एक किमी आगे डिग्री कालेज के पास पहुंचे थे। तभी पीछे से एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें ओवर टेक कर रोक लिया और असलहे की नोंक पर उनकी जेब में रखा 20 हजार रूपए निकाल लिया। उसके बाद तीनों बदमाश बाइक पर बैठ शेरपुर छित्तूपुर की तरफ फरार हो गए। थानाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार बरवार का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है।