सुरेरी। स्थानीय थाना क्षेत्र के भदखिन गांव में सोमवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन बिना किसी को सूचना दिए शव के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। तभी किसी ने पुलिस को खबर कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेद दिया। परिजनों का आरोप है कि युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
भदखिन गांव निवासी सरयू प्रसाद का पुत्र राजेश (35) की सोमवार को भोर में अबूझ हालत में मौत हो गई। युवक के परिजनों का कहना है कि राजेश ने कमरे में साड़ी के फंदे से फांसी लगा ली थी, जिससे उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों कहना है कि रात में ही उसे भदोही के किसी अस्पताल ले जाया गया था जहां उसकी मौत हो गई। परिजन शव को लेकर भोर में ही घर पहुंच गए। परिजन शव के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। तभी किसी ने पुलिस को खबर दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।