जफराबाद। जलालपुर सड़क हादसे में जान गंवाने वाले एक ही बाइक पर सवार तीन सदस्य आपस में रिश्तेदार थे। वे रिश्तेदार की बेटी की गोदभराई में शामिल होने वाराणसी जा रहे थे। रास्ते में ही हादसे का शिकार हो गए।
जलालपुर थाना क्षेत्र के सादीपुर निवासी साहब लाल कन्नौजिया का बेटा मुन्ना उर्फ प्रिंस (28) अपनी बुआ रज्जी देवी (60) निवासी तिवारीपुर थाना चौबेपुर वाराणसी, रज्जी देवी की नतनी तनु (5) पुत्री उमेश निवासी मुंगराबादशाहपुर के साथ बाइक पर सवार होकर रिश्तेदार की बेटी की गोदभराई में शामिल होने के लिए वाराणसी जनपद के बाबतपुर के पास स्थित अहरकपुर गांव जा रहे थे। प्रिंस की मां मीरा देवी (57) गांव के एक युवक के साथ दूसरी बाइक पर सवार होकर उसी कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थी। सभी हंसी खुशी के साथ गोद भराई समारोह में शामिल होने के लिए निकले थे लेकिन उन्हें क्या पता था कि रास्ते में ही मौत उनका इंतजार कर रही है। एक ही बाइक पर सवार प्रिंस, रज्जी देवी और तनु की मौत हो गई। जबकि दूसरी बाइक पर सवार प्रिंस की मां मीरा घायल हो गईं।