औराई। इस्मइला गांव की वनवासी बस्ती में बुधवार को दोपहर बाद तालाब में नहाने गए अधेड़ की डूबने से मौत हो गई। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने शव को तालाब से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। औराई थानाक्षेत्र के इस्मइला गांव निवासी रामबली बनवासी (55) बुधवार को दोपहर बाद करीब तीन बजे गांव के बाहर तालाब में नहाने गया था। बताते हैं कि वह किनारे बैठकर स्नान कर रहा था कि अचानक उसका पैर फिसल गया और वह तालाब में डूबने लगा। यह देखकर आसपास के लोग शोर मचाने लगे। लेकिन, जबतक लोग उसे बचाने का प्रयास करते, वह पूरी तरह डूब चुका था। उसे तैरने नहीं आता था। सूचना पर फायर ब्रिगेड के साथ पहुंचे कोतवाल सुनील दत्त दूबे ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से खोजकर तालाब से बाहर निकाला, जहां रामबली की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रामबली के तीन लड़के और दो लड़कियां हैं। पत्नी चमेला का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।