मीरगंज। बंधवा बाजार में बस स्टैंड पर बस चालक इन्दल सरोज की मौत पर पुलिस ने उसकी पत्नी की तहरीर पर पांच के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरसठी थाना के बडेरी गांव निवासी इंदल सरोज (32) वाराणसी के महेन्द्र तिवारी की बस चलाता था। जिसका संचालन बंधवाबाजार से जमालापुर रोड पर होता है। सोमवार रात दस बजे बस के बगल में वह गिरा मिला सूचना पर पहुंची पुलिस ने देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। उसके मुह में खाना लगा था। नाक से खून निकल रहा था। पुलिस ने उनके साथ के अन्य बस चालक व खलासी भी से पूछताछ की लेकिन किसी ने संतोष जनक जबाब नहीं दिया। पूछताछ के बाद पांच लोगों को पकड़कर थाने ले गई। पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक इंदल सरोज की पत्नी सरिता देवी ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसका पति इंदल सरोज महेंद्र तिवारी का बस चलाता था। सोमवार की रात पिंटू पांडेय बडागांव वाराणसी, धीरज तिवारी ग्राम निमाइज फूलपुर वाराणसी, अजीत कुमार यादव ग्राम भैसा खरावन बडागांव वाराणसी, परवेज अली ग्राम नोनारी नेवढिया जौनपुर, सोनेलाल ग्राम सरौना मडियाहूं जौनपुर ने हाकी डंडा व सरिया से मारकर मेरे पति इंदल कीन हत्या कर दी। उसकी तहरीर पर मीरगंज पुलिस ने 302 के तहत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष पन्नेलाल का कहना है कि पोस्टमार्डम रिपोर्ट में चोट लगने की पुष्टि हुई है।