शाहगंज। स्थानीय कोतवाली से शुक्रवार की रात चोरी की घटना का अभियुक्त पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। उसे फैंसी एक फैंसी आभूषण की दुकान में हुई चोरी के आरोप में पुलिस पकड़कर थाने ले आई थी। प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि घटना के संबंध में लापरवाही की बात सामने आई है। आवश्यक कार्यवाई की जाएगी।
नगर में स्थित अखिलेश आर्या की फैंसी आभूषण की दुकान से 10 मई को 80 हजार रुपये मूल्य का करीब 25 किलो गिलट का आभूषण चोरी हो गया था। घटना की छानबीन कर रही पुलिस चोरी की घटना में शामिल एक आरोपी को रोडवेज डिपो से पकड़कर थाने ले आई थी। उसे पुलिस हिरासत में रखा गया था। शुक्रवार की रात अभियुक्त कोतवाली में पहरा पर तैनात पुलिस के जवान, मुंशी व दारोगा को चकमा देकर फरार हो गया। चोर के भागने की खबर मिलते ही कोतवाली में ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। प्रभारी निरीक्षक प्रशांत श्रीवास्तव का कहना है कि लापरवाही की बात सामने आई है। जांच करके कार्रवाई की जाएगी।