खुटहन। क्षेत्र के जमुनिया गांव में नहर पुलिया के पास शनिवार की दोपहर बाइक सवार बदमाश आईटीआई संस्थान के बड़े बाबू से 72 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने जांच पड़ताल की लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस अधीक्षक केके चौधरी भी मौके पर पहुंचे।
माधुरी देवी आईटीआई प्रशिक्षण संस्थान के बड़े बाबू दिवाकर यादव शनिवार की दोपहर संस्थान का कैश झोले में लेकर बैंक में जमा करने के लिए बाइक से जा रहे थे। वह संस्थान से 500 मीटर आगे आए होंगे कि नहर पुलिया के पास घात लगाए एक बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया। एक बदमाश ने उनकी कनपटी पर पिस्टल सटाकर उन्हें भयभीत कर दिया। दूसरा बदमाश उनके गले में टंगा पैसों से भरा झोला छीन लिया और सरपतहा थाना क्षेत्र के डेहरी गांव की तरफ भाग निकले। मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्ष को मामले में त्वरित कार्रवाई कर बदमाशों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर पैसे बरामद करने का निर्देश दिया।