अमिलो। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के फिरोजाबाद गांव निवासी विवाहिता गुरुवार की सुबह कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह 14 दिसंबर को मुंबई से पति के साथ घर आई थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दी। घटना के संबंध में अभी तक कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज है। ना ही थाने में तहरीर ही दी गई थी। मृत महिला गुंजा यादव (22) पत्नी हरिपाल मुबारकपुर थाना क्षेत्र के फिरोजाबाद गांव की रहने वाली थी। उसका मायका मऊ जिले के मोहम्मदाबाद गोहना थाने के सिक्ठीयां गांव में था। वह शिवजोर पाल की बेटी थी। करीब दो वर्ष पूर्व गुंजा की शादी हरिपाल के साथ हुई थी। वह अभी तक मां नहीं बन सकी थी। हरिपाल अपनी पत्नी गुंजा को लेकर मुंबई में रहता था। उसकी मानसिक स्थिति ठीक न होने पर दवा इलाज करा रहा था। 14 दिसंबर को हरिपाल अपनी पत्नी के साथ घर लौटा था। गुरुवार की सुबह करीब सात बजे गुंजा अपने कमरे में जाकर दरवाजा भीतर से बंद कर ली। लोग समझे कि वह सो गई है। काफी देर तक गुंजा जब अपने कमरे से बाहर नहीं निकली तो परिवार के लोग उसे जगाने कमरे में पहुंचे। भीतर गुंजा की लाश पंखे के सहारे लटक रही थी। सीओ सदर मो. अकमल खां ने बताया कि लाश पीएम को भेजवा दी गई है। अभी कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज है, ना ही तहरीर ही मिली है। पीएम रिपोर्ट के बाद जो भी तहरीर मिलेगी। उसके मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी।