सिंगरामऊ। प्रतापगढ़ की सीमा से लगे रत्तीपुर और जगदीशपुर गांव में गोमती नदी के किनारे स्थित जंगल में बुधवार की सुबह अज्ञात कारणों से आग लग गई। जबतक आग पर काबू पाया जाता तबतक सवा सौ एकड़ में फैले जंगल में हजारों पेड़-पौधे जलकर राख हो गए। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीण व फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया।
सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में नदी के किनारे जंगल में सुबह दस बजे आग लगने की खबर पर आस पास के गांव के बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। ग्रामीणों ने पेड़ों से हरे पत्ते वाली टहनियों को तोड़कर उसकी मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन तेज हवा के चलते आग बुझाने में ग्रामीण लाचार दिखे। आग जंगल में फैलती गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से फायर ब्रिगेड ने चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तबतक सवा सौ एकड़ में लगे हजारों की संख्या में पेड़ पौधे जलकर नष्ट हो गए।
थानागद्दी। केराकत कोतवाली क्षेत्र के टड़वां स्थित विद्युत उपकेंद्र के समीप के जंगल में मंगलवार की देर रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। बिजली विभाग के कर्मचारियों और ग्रामीणों के सहयोग से घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस अगलगी से टंडवा पम्प कैनाल का कनेक्शन जल गया और सैकड़ों पेड़ पौधे झुलस गए।
गोमती नदी के किनारे स्थित विद्युत उपकेंद्र टड़वां के पास के जंगल में मंगलवार की देर रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। गर्म हवा के चलते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। ड्यूटी पर तैनात बिजली कर्मचारियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आसपास के सैकड़ों लोग इकट्ठा हो गए। फायर ब्रिगेड और यूपी 100 को सूचना दी गई। दमकल मौके पर पहुंची और दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से कई घंटे मशक्कत करने के बाद आग पर काबू पाया। आगजनी की इस घटना के दौरान क्षेत्र की बिजली भी प्रभावित रही। बिजली विभाग के कर्मचारी विपिन ने बताया कि अगर 10 मिनट भी देरी होती तो आग पूरे पावर हाउस को अपने चपेट में ले लेती। जिसके बाद बड़ा हादसा हो जाता । इस अग्निकांड से टंडवा पंप कैनाल का कनेक्शन पूरी तरह जल गया और साथ ही जंगल के सैकड़ों पेड़ पौधे झुलस गए।