जौनपुर। लाइनबाजार थाना क्षेत्र के सीहीपुर गांव के पास रेलवे लाइन के किनारे झाड़ी में युवक की हत्या कर शव जलाने की कोशिश की गई। करीब 22 वर्षीय अज्ञात युवक के शव गुरुवार को सुबह कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर डाग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम भी पहुंची, लेकिन हत्यारों का कोई सुराग अभी तक नहीं लग सका।
सीहीपुर गांव के लोग गुरुवार को सुबह करीब छह बजे खेत की तरफ निकले तो सड़क से करीब 400 मीटर दूर रेलवे लाइन के किनारे झाड़ी में युवक का जला हुआ शव देख कर शोर मचाया। शोर सुनकर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। जिस स्थान पर शव पाया गया वहां रेलवे ने कटीले तार से बाड़ बना रखा है और उसके अंदर शीशम के पेड़ लगाए गए हैं। सूचना पर लाइनबाजार थाने की फोर्स, सीओ सिटी नृपेंद्र मौके पर पहुंचे। डाग स्क्वायड टीम भी पहुंची। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। लेकिन न तो हत्यारों का सुराग लग सका और न ही युवक के शव की पहचान हो सकी। शव देखने से पुलिस को अनुमान है कि उसकी हत्या कहीं और की गई है शव को यहां लेआकर जलाने की कोशिश की गई है। उसकी जुबान बाहर निकली हुई थी इससे अनुमान है कि गला दबाकर उसकी हत्या की गई होगी। सीओ सिटी नृपेंद्र का कहना है कि युवक की हत्या कर शव को जलाने का प्रयास किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू की है। शीघ्र ही उसकी पहचान कर हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।