मीरगंज। बरसठी थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव के पास रविवार की देर शाम हुए सड़क हादसे में घायल को लेने पहुंची एंबुलेंस को मनबढ़ों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। विरोध करने पर एंबुलेंस के कर्मचारियों की पिटाई कर दी। आरोप लगाया कि सूचना के बाद एंबुलेंस मौके पर देरी से पहुंची। पीड़ित कर्मचारियों की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद और कई अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
रविवार की देर शाम गोधना निगोह मार्ग पर गोपालपुर गांव के पास शराब लदी पिकअप की चपेट में आने से बाइक सवार एक की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया था। दुर्घटना के बाद 108 नंबर पर एंबुलेंस के लिए सूचना दी। एंबुलेंस पहुंची तो मनबढ़ किस्म के युवकों ने गाड़ी की हेडलाइट तोड़ दिया। विरोध करने पर कर्मचारियों की पिटाई कर दी। गाड़ी क्षतिग्रस्त करने वालों का आरोप है कि सूचना के काफी देर बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची। जबकि एंबुलेंस में तैनात कर्मचारियों का दावा है कि जिस वक्त उन्हें सूचना मिली उस वक्त जंघई में मौजूद थे। सूचना के बीस मिनट बाद यहां पहुंच गए थे। एंबुलेंस के चालक अशोक कुमार व ईएमटी राहुल देव वर्मा ने बरसठी थाने मे तीन नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ थाने में तहरीर दी। पुलिस ने कर्मचारियों के साथ मारपीट, सरकारी सम्पत्ति का नुकसान और सरकारी कार्य में बाधा समेत अन्य धारा में तीन नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।